ड्रग्स के खेल के आगे सब फेल
पिछले दिनों शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को क्रूज़ शिप पर ड्रग्स पाए जाने के मामले में नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने गिरफ्तार किया। उनके साथ अरबाज़ मर्चेंट और मुनमुन धमेचा को भी गिरफ्तार किया गया। आर्यन खान और अन्य के खिलाफ एनडीपीएस कानून की धाराओं-8(सी), 20(बी), 27, 28, 29 और 35 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मुंबई की एक विशेष अदालत ने आर्यन खान को जमानत देने से इनकार कर दिया है उनकी व्हाट्सएप चैट से प्रतीत होता है कि उन्हें मादक पदार्थों के होने की जानकारी थी।
ड्रग्स के मामले में सजा का प्रावधान कुछ इस तरह है। ड्रग्स के इन मामलों में सजा मात्रा पर निर्भर करती है। बेहद कम मात्रा में ड्रग रखने पर 6 महीने की सजा और 10 हजार रुपये का जुर्माना हो सकता है। कम मात्रा से अधिक ड्रग्स रखने के लिए 10 साल की कठोर जेल और 1 लाख रुपये का जुर्माना है।
अब सवाल ये भी है क्या ड्रग्स के मामले में बॉलीवुड सेलेब्स सबसे ज्यादा जिम्मेदार हैं क्योंकि इससे पहले अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत, रिया चक्रवर्ती, दीपिका पादुकोण और अब आर्यन खान का नाम ड्रग्स के मामले से जोड़ा जा रहा है। बेहद कम मात्रा में मिले इस ड्रग्स के मामले में ये भी नियम है कि यदि कोई युवा इसमें शामिल है तो उसे सुधार गृह में भेजा जाए जिससे उसे इस लत से छुटकारा दिलाया जा सके न कि जेल भेजकर उस पर कानूनी कार्यवाही की जाए। मात्र 6 ग्राम ड्रग्स के मामले को मीडिया ने बहुत बढ़ चढ़ के दिखाया क्योंकि इसके संबंध शाहरुख खान के बेटे से जुड़े थे और दूसरी तरफ गुजरात के मुंद्रा पोर्ट पर 2 कंटेनर्स पर 3000 किलो हेरोइन बरामद की गई जिसके बारे में कोई चर्चा नही हो रही वजह साफ है ये पोर्ट गौतम अडानी के अधीन है। जो प्रधानमंत्री के बेहद करीबी दोस्त माने जाते हैं। सोशल मीडिया पर ये सवाल उठ रहे हैं कि 6 ग्राम ड्रग्स के लिए इतनी हाय तौबा और 3000 किलो ड्रग्स पर इतनी खामोशी क्यों। वजह कुछ भी हो पर दावा किया जा रहा है इतनी बड़ी मात्रा में पकड़ी गई ड्रग्स की खेप से करीब 1 करोड़ लोग प्रभावित होते।
सवाल ये भी उठता है कि आख़िर इतनी सुरक्षा व्यवस्था होने के बावजूद ड्रग्स की इतनी बड़ी खेप देश में कैसे आई। क्या इसके पीछे कोई अंतर्राष्ट्रीय साजिश तो नही। इस ड्रग्स की बाजार में कीमत करीब 21000 करोड़ रुपए है। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) भारत की मुख्य कानून प्रवर्तन और खुफिया एजेंसी है। इस टीम ने जितनी तेजी आर्यन खान और उसके साथियों से पूछताछ करने में करी है क्या उतनी ही सक्रियता मुंद्रा पोर्ट पर पकड़े गए लोगों से भी की है जिसमें करीब 30 लोग शामिल थे अगर इन लोगों से कड़ाई से पूछताछ की जाती तो नशे के कारोबार में शामिल सफेदपोश लोगों से पर्दा उठाया जा सकता था। ड्रग्स की तस्करी दुनिया की सबसे बड़ी अवैध गतिविधियों में से एक है और इससे बड़ी मात्रा में काला धन कमाया जाता है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें